समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को यहां एक फोटो प्रदर्शनी का उदघाटन करते हुये कहा कि यदि उनकी सरकार सत्ता में आती है तो फोटो जर्नलिस्ट को यश भारती पुरस्कार से नवाजा जायेगा।
दि यूथ फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुये श्री यादव ने कहा कि फोटो कैमरे से नहीं बल्कि दिमाग से खींची जाती है। एक अच्छी तस्वीर क्लिक करने के लिए अच्छे विजन की जरूरत होती है। आज फोटो जर्नलिस्ट का वही सम्मान है जो लेखक-पत्रकार का होता है। कभी एक तस्वीर ही उन्हें बुलंदियों पर भी पहुंचा देती है।
उन्होने कहा कि राजनीति में तो फोटोग्राफी का काफी महत्व होता है। समाज की घटनाओं का प्रदर्शन करने में फोटो जर्नलिस्ट को कठिनाइयां भी आती हैं। इस सबके बावजूद वह जिस ईमानदारी और निष्ठा से अपना कर्तव्य निभाता है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनी तो फिर उन्हें सम्मान और यशभारती भी मिलेगा।
फोटो प्रदर्शनी में कुल 91 भारतीय छायाकारों के चित्र थे वही चार विदेशी फोटोग्राफरों ने भी रूस और मिह्म से चित्र भेजे थे। प्रदर्शनी में वन्य जीवन, पक्षी संसार, प्राकृतिक दृश्य, स्मारक और राजनीतिक घटनाचक्र के भी सुंदर चित्र प्रदर्शित थे।


Download Android App
Download iOS App



