देवेंद्र फडणवीस का सवाल- बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए क्या कर रही सरकार

Summary :

फडणवीस ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ तीनों दलों के बीच बहुत मतभेद हैं लेकिन अपनी जिम्मेदारियों से बचने में उन्हें महारत हासिल है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि भारी बारिश के कारण हुए नुकसान को देखते हुए केंद्र सरकार, राज्य की निश्चित ही मदद करेगी लेकिन राज्य सरकार को भी यह बताना होगा कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए वह खुद क्या कर रही है।
भारी बारिश के चलते हुए नुकसान का आकलन करने के लिए उस्मानाबाद जिले के दौरे पर पहुंचे फडणवीस ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ तीनों दलों के बीच बहुत मतभेद हैं लेकिन अपनी जिम्मेदारियों से बचने में उन्हें महारत हासिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजग सरकार पूर्ववर्ती (संप्रग) सरकार के मुकाबले निश्चित ही अधिक मदद करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात कर चुके हैं तथा इस बाबत उन्हें आश्वासन दे चुके हैं लेकिन राज्य सरकार को भी यह बताना चाहिए कि किसानों को मदद देने के लिए वह खुद क्या कर रही है।’’
फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार की तरह ही कोविड-19 महामारी का सामना केंद्र सरकार भी कर रही है, ‘‘लेकिन केंद्र सरकार, राज्य को आर्थिक मदद देना नहीं रोकेगी और इस वर्ष मार्च तक 20,000 करोड़ रूपये दे चुकी है। राज्य द्वारा लिए कर्जों को चुकता करने के लिए केंद्र सरकार एक लाख करोड़ रूपये का कर्ज ले रही है।’’

महाराष्ट्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद CM ठाकरे ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन

Desk Team