मुंबई : महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करने के लिए सोमवार को दिल्ली पहुंचे। विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद से वह राज्य नेतृत्व की आलोचना करते रहे हैं और ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कोई कदम उठाएंगे। उन्होंने शाम में राकांपा प्रमुख शरद पवार से राष्ट्रीय राजधानी में मुलाकात की और दावा किया कि उन्होंने सिंचाई के मुद्दों पर बातचीत की।
खडसे ने कहा कि मंगलवार को वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात करेंगे। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में जमीन कब्जाने के आरोपों में 2016 में खडसे ने राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा के अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं करने के बाद पार्टी के कुछ निर्णयों के खिलाफ 67 वर्षीय नेता ने आवाज उठाई थी। विधानसभा चुनावों में उन्हें टिकट नहीं दिया गया था।
पूर्व मंत्री के एक निकट सहयोगी ने कहा, ‘‘खडसे ने दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलने का समय मांगा है। मुलाकात में मुख्य मुद्दा पार्टी के अंदर उनके अलग-थलग होने को समाप्त किए जाने के बारे में होगा।’’ सहयोगी ने दावा किया कि पार्टी द्वारा खडसे से किए जा रहे व्यवहार के कारण ओबीसी नेतृत्व में ‘‘नाराजगी’’ है और दिल्ली के नेताओं से इस पर भी चर्चा की जा सकती है। खडसे ने शनिवार को पार्टी नेतृत्व को परोक्ष चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर उनका ‘‘अपमान’’ जारी रहा तो वह दूसरे विकल्प की तलाश करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



