कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार सेक्स मामले में संलिप्तता के आरोपी पूर्व मंत्री रमेश जारकिहोली के साथ खड़ी है और उन्हें बचा रही है। शिवकुमार ने कलबुर्गी में एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा, ”मुझे इसपर कुछ नहीं कहना है, इसमें माननीय मंत्री (पूर्व मंत्री) शामिल हैं।
हम सभी अपनी आंखों से देख चुके हैं कि सरकार उनका समर्थन कर रही है। मेरी समझ से बाहर है कि सरकार उनका बचाव क्यों कर रही है। इसमें पुलिस की अक्षमता भी दिखाई देती है।” शिवकुमार से पूछा गया कि क्या एसआईटी ने उन्हें कोई नोटिस भेजा है, क्योंकि महिला के परिजन ने उनका भी नाम लिया है।
तो उन्होंने कहा, ”ऐसा क्यों होगा (एसआईटी नोटिस क्यों भेजेगी)…फिर भी अगर ऐसा होता है तो इसका स्वागत है। अगर वे मुझे बुलाते हैं तो मैं जवाब दूंगा। सहयोग करूंगा।” कथित सेक्स वीडियो में दिखाई देने वाली महिला का परिवार कई बार शिवकुमार पर सेक्स प्रकरण का आरोप लगा चुका है। परिवार का आरोप है कि वह उनकी बेटी का इस्तेमाल कर ”गंदी राजनीति” कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा नीत मंत्रिमंडल में जल संसाधन मंत्री रहे जारकिहोली से संबंधित कथित सेक्स प्रकरण की खबर समाचार चैनलों पर प्रसारित होने के एक दिन बाद 3 मार्च को उन्होंने मंत्रिपद से इस्तीफा दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



