उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के बेरिया क्षेत्र में हलका तहसीलदार को बंधक बनाने के आरोप में भाजपा के एक नेता तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने मंगलवार को बताया कि बैरिया के तहसीलदार शिवसागर दुबे की शिकायत पर स्थानीय भाजपा नेता शिवकुमार वर्मा तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ सोमवार शाम मामला दर्ज किया गया।
दुबे ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि वह गत 27 मार्च को बैरिया गांव से एक जमीन की नाप कराकर लौट रहे थे कि तभी शिवकुमार वर्मा मोटरसाइकिल सवार अपने करीब 20 साथियों के साथ छपरा गांव के मोड़ पर पहुंचे और उन्हें रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें लगभग आधे घंटे तक बंधक बनाए रखा।
तहसीलदार ने वर्मा को आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति बताते हुए अपने साथ अप्रिय घटना की आशंका जताई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिवकुमार वर्मा भाजपा के स्थानीय नेता हैं और बैरिया नगर पंचायत की अध्यक्ष शांति देवी के बेटे हैं। उन्होंने अपने खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद कहा कि स्थानीय विधायक उनसे रंजिश रखते हैं और उनके इशारे पर ही उनके विरुद्ध झूठे आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



