अरुणाचल प्रदेश में फिर आया भूकंप, असम में महसूस हुए झटके

Summary :

मौसम विभाग के मुताबिक दो भूकंपों का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में था जबकि तीसरे का केंद्र कुरुंग कुमे जिले में था।

अरुणाचल प्रदेश में शनिवार को 5.5 तीव्रता का भूकंप आया। इससे एक दिन पहले ही राज्य में कुछ ही मिनट के अंतराल पर एक के बाद एक तीन बार भूकंप आया। मौसम विभाग ने बताया कि यह भूकंप सुबह चार बजकर 24 मिनट पर 10 किलोमीटर की गहराई में आया और इसका केंद्र अरुणाचल प्रदेश में पूर्वी कामेंग जिले में था। 
पुलिस ने कहा कि कुछ सेकेंड के लिए महसूस हुए इस भूकंप के चलते अब तक संपत्ति को किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार को 5.6, 3.8 और 4.9 तीव्रता के तीन भूकंप आए और इसके झटके ईटानगर, गुवाहाटी और असम के अन्य हिस्सों तथा नगालैंड के दीमापुर में महसूस किए गए। 
मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक दो भूकंपों का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में था जबकि तीसरे का केंद्र कुरुंग कुमे जिले में था। भूकंप विज्ञानियों के अनुसार पूर्वोत्तर के इस क्षेत्र में भूकंप की आशंका ज्यादा रहती है। 

Desk Team