मुंबई पुलिस ने दादर इलाके में शिवसेना मुख्यालय के सामने एक लाउडस्पीकर पर ‘हनुमान चालीसा’ बजाने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के चार कार्यकर्ताओं को रविवार को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लाउडस्पीकर, जिस कार के ऊपर इसे रखा गया था, उस वाहन को और अन्य वस्तुओं को भी जब्त कर लिया है।
पार्टी के तीन अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने दो अप्रैल को मांग की थी कि मस्जिदों में लाउडस्पीकर को बंद किया जाना चाहिए और उन्होंने कहा था कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो ‘‘मस्जिदों के बाहर स्पीकर पर तेज आवाज में ‘हनुमान चालीसा’ बजाया जाएगा। शिवाजी पार्क पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि पुलिस को शिवसेना भवन के बाहर मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाए जाने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मनसे पदाधिकारी यशवंत किल्लेदार और पार्टी के तीन अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था।
लाउडस्पीकर के जरिये ‘हनुमान चालीसा’ बजाया
उन्हें हिरासत में लिए जाने बाद कई मनसे कार्यकर्ता पुलिस थाना परिसर के पास स्थित एक छोटे से मंदिर में एकत्र हुए और ‘हनुमान चालीसा’ और अन्य धार्मिक भजन गाने लगे। पुलिस ने कहा, ‘‘हमने शिवसेना भवन के सामने लाउडस्पीकर बजाने के चलते मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। हम इस मामले में और जांच कर रहे हैं।’’इससे पहले, मनसे के कुछ कार्यकर्ताओं ने पिछले रविवार को पड़ोसी ठाणे जिले के कल्याण इलाके में पार्टी कार्यालय के सामने लाउडस्पीकर के जरिये ‘हनुमान चालीसा’ बजाया था।


Download Android App
Download iOS App



