G-20 : गुजरात के कच्छ रण में पहले पर्यटन कार्यकारी समूह की बैठक आज

Summary :

गुजरात में आज (मंगलवार) कच्छ के रण धोरदो टेंट सिटी में भारत की G-20 की अध्यक्षता के तहत पहले पर्यटन कार्यकारी समूह की बैठक को होस्ट किया जायेगा।

गुजरात में आज (मंगलवार) कच्छ के रण धोरदो टेंट सिटी में भारत की G-20 की अध्यक्षता के तहत पहले पर्यटन कार्यकारी समूह की बैठक को होस्ट किया जायेगा। बता दें कि, जी-20 अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है, यह सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मुद्दों पर वैश्विक वास्तुकला और शासन को आकार देने और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, टीडब्ल्यूजी की तीन दिवसीय बैठक में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी भी शामिल होंगे। पिछले महीने गांधीनगर में आयोजित ‘बिजनेस 20 इंसेप्शन’ कार्यक्रम के बाद राज्य में यह दूसरा जी-20 कार्यक्रम होगा।
मुख्यमंत्री टीडब्ल्यूजी की बैठक में शामिल होंगे
गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मंगलवार और बुधवार को टीडब्ल्यूजी की बैठक में शामिल होंगे। एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, पहले दिन गणमान्य लोगों को कच्छ के सफेद रण को देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद वे क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, वहीं एक कार्यक्रम ‘सामुदायिक सशक्तिकरण और गरीबी उन्मूलन के लिए ग्रामीण पर्यटन’ पर भी केंद्रित होगा।
अर्जेंटीना के प्रतिनिधि सहित कई वक्ता अपने विचार रखेंगे
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रेड्डी, विश्व पर्यटन संगठन के टूरिज्म मार्केट इंटेलिजेंस एंड कॉम्पिटीटिवनेस की प्रमुख सांद्रा कारवाओ एवं अन्य अपने विचार रखेंगे। ‘पर्यटन नीति कैसे ग्रामीण विकास में पर्यटन के योगदान का समर्थन कर सकती है’ विषय पर एक पैनल चर्चा भी होगी जिसमें संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम, एशियाई विकास बैंक, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के विशेषज्ञ एवं इंडोनेशिया, इटली, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, जापान, सऊदी अरब तथा अर्जेंटीना के प्रतिनिधि सहित कई वक्ता अपने विचार रखेंगे। 
डेयरी मंत्री टीडब्ल्यूजी का उद्घाटन करेंगे
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘आठ फरवरी को मुख्यमंत्री पटेल और केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला टीडब्ल्यूजी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पांच प्रमुख विषयों-हरित पर्यटन, डिजिटलीकरण, कौशल, पर्यटन एमएसएमई एवं स्थल प्रबंधन पर कार्यकारी सत्र होंगे।’’

Desk Team