गडकरी ने गोवा के नए CM का चयन करने के लिए बीजेपी और एमजीपी नेताओं से की बातचीत

Summary :

पर्रिकर का रविवार शाम को निधन हो गया। पर्रिकर (63) बीजेपी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी, एमजीपी और निर्दलीयों के गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व कर रहे थे

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद गोवा के नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए सोमवार को पार्टी के नेताओं और गठबंधन के सहयोगी दल महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के साथ बातचीत की। गोवा में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने पर्रिकर के स्थान पर नए नेता की तलाश करने के लिए रविवार रात को ही बातचीत शुरू कर दी।

पर्रिकर का रविवार शाम को निधन हो गया। पर्रिकर (63) बीजेपी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी, एमजीपी और निर्दलीयों के गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व कर रहे थे। गडकरी आधी रात के बाद तटीय राज्य पहुंचे तथा सुबह पणजी के समीप एक होटल में बीजेपी और एमजीपी के नेताओं के साथ बातचीत शुरू की। बीजेपी नेता विश्वजीत राणे और एमजीपी नेता सुदीन धवलीकर बैठक में शामिल हुए।

ऐसी खबर है कि इन्होंने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई है। तीसरे उम्मीदवार प्रमोद सावंत बैठक में मौजूद नहीं थे। जीएफपी के नेताओं को बैठक में नहीं बुलाया गया था। धवलीकर ने कहा कि नेतृत्व के मुद्दे पर दोपहर तीन बजे तक तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। राज्य में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में उसके पास 14 विधायक है जबकि बीजेपी के पास 12 विधायक हैं। जीएफपी, एमजीपी के पास तीन-तीन विधायक और तीन निर्दलीय हैं जबकि राकांपा का भी एक विधायक है।

Desk Team