केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को त्रिपुरा में 2,752 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली कुल 262 किलोमीटर की लंबाई वाली कुल 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि इससे क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक स्थितियां बेहतर होंगी। मंत्रालय ने कहा, ‘‘केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी कल त्रिपुरा में 2,752 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली 262 किलोमीटर की लंबाई वाली कुल 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।’’
बयान में कहा गया कि परियोजना पूरी होने पर अंतर-राज्यीय और बांग्लादेश तक तेज व परेशानी मुक्त संपर्क मिल सकेगा। यह राज्य के पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक प्रमुख प्रगति होगी। नई परियोजनाएं पूरे राज्य में विभिन्न पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक स्थानों और धार्मिक स्थलों को यातायात का बेहतर संपर्क, तेज व सुरक्षित आवाजाही प्रदान करेगी। इससे क्षेत्र के अकुशल, अर्ध-कुशल और कुशल श्रमशक्ति के लिए बड़ी संख्या में रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की संभावना है।
परियोजनाओं से वाहनों की यात्रा के समय और रख-रखाव की लागत तथा ईधन की खपत में कमी आएगी। परियोजना के कार्यान्वयन से इलाके की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। ये कृषि वस्तुओं के परिवहन में सुधार करेंगे और अधिक से अधिक बाजारों तक पहुंच बनाएंगे, जिससे माल और सेवाओं की लागत कम होगी। ये स्वास्थ्य देखभाल और आपातकालीन सेवाओं के लिए आसान और त्वरित पहुंच भी बनाएंगे। इससे त्रिपुरा राज्य की जीडीपी को गति मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



