गुजरात : अहमदाबाद में कोरोना के 250 नए मामलों की पुष्टि, एक दिन में सर्वाधिक 20 मौतें

Summary :

अहमदाबाद में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण से 20 मौतें हुईं जो कि महानगर में एक दिन में होने वाली सबसे अधिक मौतें हैं। साथ ही 250 नये मामले सामने आये। यह जानकारी गुजरात के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी।

गुजरात में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण से 20 मौतें हुईं जो कि महानगर में एक दिन में होने वाली सबसे अधिक मौतें हैं। साथ ही 250 नये मामले सामने आये। यह जानकारी गुजरात के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने दी। अधिकारी ने कहा कि इसके साथ ही गुजरात के सबसे बड़े शहर में कुल मिलाकर मृतक संख्या बढ़कर 185 हो गई है जबकि मामले बढ़कर 3543 हो गए हैं।
प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने कहा, ‘‘शनिवार को गुजरात में कुल 26 मौतें हुईं जिसमें से अहमदाबाद में 20 मौतें हुई।’’उन्होंने कहा कि 20 मृतकों में से 12 को पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘गुजरात के 12 जिलों से सामने आये कोविड-19 के 333 नये मामलों में से 250 मामले अहमदाबाद से सामने आये हैं।’’ उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में कुल 63 कोरोना वायरस मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे जिले में इनकी संख्या बढ़कर 462 हो गई।
बताते चले कि देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या अबतक 37,776 तक पहुंच गई है और 1223 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में देशभर में कोरोना के 2411 नए केस सामने आए हैं। वहीं, 10,018 लोग इस वायरस से ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं।

Desk Team