लॉकडाउन के दौरान ड्रोन की मदद से लोगों पर नजर रख रही है गुजरात पुलिस

Summary :

अहमदाबाद जिला पुलिस उपाधीक्षक एस एच सारदा ने कहा, ‘‘अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस भी सामाजिक दूरी बनाए रखने और बंद को सख्ती से लागू करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है।

इस समय देश में कोरोना वायरस के चलते 14 अप्रैल तक लॉकडाउन जारी है । ऐसे में वायरस की रोक के लिए सभी लोगों को अपने घर में रहना जरुरी है। इस बीच पुलिस भी अपनी अहम भूमिका निभा रही है। गुजरात पुलिस छतों पर पार्टी करते लोगों को पकड़ने से लेकर सड़कों पर खेलते युवाओं का पता लगाने में ड्रोन कैमरे का सहारा ले रही है। गांधीनगर के पुलिस उपाधीक्षक जी जी जसानी ने बताया कि बंद के दौरान लोगों के आवागमन पर नजर रखने के लिए राज्यभर में करीब 200 ड्रोन तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस ड्रोन की मदद से राज्यभर में 7,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिन्हें घर पर रहने के बजाए सड़कों पर घूमते पाया गया। उन्हें पुलिस की अधिसूचना का उल्लंघन करने के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया है। अहमदाबाद जिला पुलिस उपाधीक्षक एस एच सारदा ने कहा, ‘‘अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस भी सामाजिक दूरी बनाए रखने और बंद को सख्ती से लागू करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। ड्रोन की मदद से पकड़ने जाने वाले औसतन 10 से 12 लोगों को रोजाना गिरफ्तार किया जा रहा है।’’

पाकिस्तान ने एलओसी पर गोलाबारी की, भारतीय सेना की जबावी कार्यवाही जारी

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ इलाकों में वाहनों से नियमित गश्त करना मुश्किल है। इसका लाभ उठाकर बवला कस्बे में कुछ युवाओं ने एक मैदान में वॉलीबॉल खेलना आरंभ कर दिया था। वे ड्रोन कैमरे में ऐसा करते कैद हो गए जिसके बाद उनमें से 11 लोगों को पकड़ लिया गया।’’ पुलिस उपायुक्त प्रशांत सुम्बे ने बताया कि पुलिस ने सूरत में एक आवासीय इमारत की छत पर आयोजित हो रही ‘पकौड़ा पार्टी’ का ड्रोन की मदद से हाल में पता लगाया था। पुलिस ड्रोन को देखने के बाद लोगों के बेतहाशा भागने के कई वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर वायरल हो रहे हैं।   

Desk Team