महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा को लेकर सियासत गर्म है। निर्दलीय विधायक रवि राणा और उनकी सांसद पत्नी नवनीत राणा ने सीएम उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने का ऐलान किया था, इसके बाद से राणा दंपत्ति शिवसेना के निशाने पर आ गए। शिवसेना नेता और राज्यसभा संजय राउत ने कहा कि हमें राष्ट्रपति, ईडी, सीबीआई की धमकी ना दें, हिम्मत है तो सामने आकर लड़ें।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि यदि कोई मातोश्री पर आकर हनुमान चालीसा का पाठ करेगा तो क्या शिवसेना चुप बैठेगी। यदि आप हमारे घर तक पहुंचेंगे तो हमें अधिकार है उसी भाषा में जवाब देने का। आप महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई हमारी लक्ष्मण रेखा को पार करेगा तो शिवसैनिकों को भी उनके घर पहुंचने का अधिकार है। हमें राष्ट्रपति, ईडी, सीबीआई की धमकी ना दें, अब हम उससे आगे निकल गए। अगर आप में हिम्मत है तो सामने आकर लड़ें।
मरने और मारने के लिए तैयार
केंद्र पर हमला बोलते हुए संजय राउत ने कहा, आप केंद्रीय पुलिस बल का उपयोग करके हमारे घर में घुसने की कोशिश करते हैं तो शिवसैनिक आपको नहीं छोड़ेगा। शिवसैनिक हमेशा मरने और मारने के लिए तैयार है। पश्चिम बंगाल में ममता ने इनके नाक में दम कर दिया और केरल में भी इन्हें सांस लेने की जगह नहीं मिली। ये महाराष्ट्र है। यहां पर भी उलझने की कोशिश ना करे।
‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा के जाप का ऐलान
अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा का जाप करने का ऐलान किया है। राणा दंपत्ति के इस ऐलान के बाद उनके आवास पर शिवसेना कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है। नोटिस मिलने के बावजूद नवनीत राणा हनुमान चालीसा के पाठ पर अड़ी हैं। राणा दंपति के फैसले के बाद सीएम के बंगले मातोश्री के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



