Heavy Snowfall in Shimla: शिमला और जिले के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी की वजह से ज्यादातर सड़कें बंद हो गई हैं। कुफरी, नारकंडा, खिड़की और खड़ापत्थर जैसे प्रमुख इलाकों में सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। हालात को देखते हुए शिमला पुलिस ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।
यह बर्फबारी इस सीजन का पहला हिमपात है, जो कई पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए उत्साहजनक है, लेकिन साथ ही खतरनाक भी साबित हो रहा है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर फिसलन और जमी बर्फ की वजह से वाहन स्किड कर सकते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
Heavy Snowfall in Shimla: जनता और पर्यटकों से खास अपील
शिमला पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा बिल्कुल न करें। यदि किसी आपात स्थिति में यात्रा जरूरी हो, तो सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग चुनें और अत्यधिक सावधानी बरतें।पुलिस ने कहा कि आपातकालीन मदद के लिए तुरंत पुलिस सहायता कक्ष या नजदीकी थाने से संपर्क किया जा सकता है। आपात स्थिति में डायल 112 पर कॉल करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी ऊपरी इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जिससे सड़कें और फिसलनभरी हो सकती हैं।
ब्लैक आइस यातायात को प्रभावित
यह सलाह ऐसे समय में आई है जब शिमला में पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। बर्फबारी से शहर सफेद चादर में लिपट गया है, लेकिन सड़कों पर जमा बर्फ और ब्लैक आइस ने यातायात को प्रभावित किया है। कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। पुलिस ने चार-पहिया वाहनों का इस्तेमाल करने और चेन लगाने की सलाह दी है, लेकिन गैर-जरूरी यात्रा से बचने पर जोर दिया है।
Heavy Snowfall in Shimla: शिमला पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

शिमला पुलिस ने अपनी इस एडवाइजरी में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताई है। स्थानीय लोग और पर्यटक बर्फ का मजा ले रहे हैं, लेकिन, पुलिस की अपील के मुताबिक घरों या होटलों में रहकर ही बर्फबारी का आनंद लेना बेहतर होगा। यदि कोई भी यात्रा कर रहा है, तो मौसम अपडेट और पुलिस की सलाह का पालन जरूर करें।
–आईएएनएस
यह भी पढ़ें- बसंती पंचमी पर Delhi में बरसे बादल, 9 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, जानें ताजा वेदर अपडेट


Download Android App
Download iOS App




