हिमाचल में घटते बजट में बढ़ते टैक्स का बोझ! जनता पर कांग्रेस सरकार की मार: डॉ. राजीव बिंदल

Himachal Pradesh News

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बढ़ती महंगाई और टैक्स को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस ने कई बड़े वादों और गारंटियों के साथ सरकार बनाई थी। लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय जनता पर नए-नए टैक्स लगाकर उन्हें आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सरकार ने भरोसा तोड़ा है।

Himachal Pradesh News: डीजल टैक्स में बढ़ोतरी से बढ़ी परेशानी

उन्होंने बताया कि पहले डीजल पर 10.40 रुपये प्रति लीटर टैक्स था, जिसे अब बढ़ाकर 15.40 रुपये कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी को उन्होंने आम लोगों की जेब पर सीधा असर बताया। उनका कहना है कि इससे महंगाई और तेजी से बढ़ेगी। डॉ. बिंदल के अनुसार, बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों का असर केवल एक वर्ग तक सीमित नहीं है। किसान, बागवान, मजदूर, व्यापारी और आम उपभोक्ता सभी प्रभावित हो रहे हैं। परिवहन महंगा होने से बस, टैक्सी और ट्रक किराए बढ़ेंगे, जिससे रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ जाएंगे।

सरकार पर टैक्स वसूली का आरोप

उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब 40 महीनों में सरकार ने लगभग 4,000 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में जनता से वसूले हैं। अब नए टैक्स के जरिए करीब 2,000 करोड़ रुपये और वसूलने की योजना है। उनका कहना है कि सरकार राहत देने के बजाय लगातार बोझ बढ़ा रही है।

जरूरी चीजों के दाम में बढ़ोतरी

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली, पानी, राशन, स्टांप ड्यूटी और सीमेंट जैसी जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्टांप ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि सीमेंट के दाम प्रति बोरी 100 रुपये तक बढ़े हैं। इससे आम लोगों का जीवन और मुश्किल हो गया है।

बजट पर भी उठाए सवाल

उन्होंने राज्य के बजट को भी निराशाजनक बताया। उनके अनुसार, इस बार बजट घटाकर 54,928 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो विकास के लिए ठीक संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि बजट में राज्य सरकार की अपनी कोई स्पष्ट योजना नहीं दिखती और केवल केंद्र सरकार की योजनाओं को दोहराया गया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि एंट्री टैक्स लगाने से राज्य के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इससे पर्यटन और व्यापार दोनों पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

तस्करी और कानून व्यवस्था की चिंता

उन्होंने यह भी आशंका जताई कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में हिमाचल में पेट्रोल-डीजल महंगा होने से तस्करी और अवैध गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे कानून व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है। अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, कर्मचारी, बेरोजगार और महिलाओं के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता की आवाज बनेगी और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

रिपोर्ट: विक्रांत सूद 

यह भी पढ़ें: संवेदनाओं व जीवन दर्शन की खुशबू बिखेरती ‘साझे लमहों की महक’, 76 कविताओं में जीवन का सच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।