पालघर मॉब लिंचिंग पर गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से मांगी रिपोर्ट, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Summary :

इस मामले की जांच कर रहे कोंकण रेंज केआईजी ने कासा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज और सेकेंड ऑफिसर को निलंबित कर दिया है।

महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो साधुओं और उनके ड्राइवर की मॉब लिंचिंग के मामले पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उद्धव सरकार से रिपोर्ट मांगी है। वहीं इस मामले की जांच कर रहे कोंकण रेंज केआईजी ने कासा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज और सेकेंड ऑफिसर को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही मामले में अब तक 101 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक पालघर मामले में गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फ़ोन पर बातचीत की। बता दें कि पालघर जिले में 16 अप्रैल की रात ग्रामीणों ने जूना अखाड़े के दो साधुओं समेत उनके ड्राइवर की भीड़ ने लाठी-डंडो से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। हैरानी वाली बात है कि मॉब लिंचिंग की यह घटना पुलिसवालों के सामने हुई है। इस घटना पर पुलिस के इस रवैये पर भी सवाल खड़े हुए। 
मॉब लिंचिंग की घटना पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने जताई नाराजगी
मॉब लिंचिंग की इस घटना पर साधु-संत लगातार महाराष्ट्र सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर कर रहे है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने इस घटना पर गुस्सा जाहिर करते हुए उद्धव सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हत्यारों के खिलाफ उचित कार्यवाई नहीं की गई तो राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन होगा।
अखाड़ा परिषद के अध्य्क्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा, महाराष्ट्र में रावण राज चल रहा है और अगर जिम्मेदार लोगों पर एक्शन नहीं होता है तो लॉकडाउन के बाद नागा साधुओं की फौज महाराष्ट्र कूच करेगी। उन्होंने कहा, जूना अखाड़े के दो संतों के साथ जो हुआ वो बेहद दर्दनाक है। साधुओं की मौत पर मुझे आश्चर्य है कि यह मनुष्य नहीं कर सकता, राक्षस लोग ही ऐसा कर सकते हैं।  
UP के CM योगी ने की दोषियों के खिलाफ कार्यवाई की मांग
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात कर पालघर में भीड़ द्वारा तीन लोगों की पीट-पीट कर हत्या किए जाने की घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा, पालघर, महाराष्ट्र में हुई जूना अखाड़ा के सन्तों स्वामी कल्पवृक्ष गिरि जी, स्वामी सुशील गिरि जी एवं उनके ड्राइवर नीलेश तेलगड़े की हत्या के सम्बन्ध में कल शाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और घटना के जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हेतु आग्रह किया।

Desk Team