हैदराबाद पुलिस ने असम के सीएम सरमा के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, राहुल गांधी पर टिप्पणी का है मामला

Summary :

राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में सीएम सरमा के खिलाफ तेलंगाना के हैदराबाद में मामला दर्ज किया गया है

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में सीएम सरमा के खिलाफ तेलंगाना के हैदराबाद में मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। पुलिस ने बताया कि तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के प्रमुख और पार्टी सांसद ए आर रेड्डी की शिकायत पर जुबली हिल्स थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कानूनी राय लेने के बाद दर्ज किया मुकदमा : पुलिस अधिकारी 
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को बताया,  कानूनी राय लेने के बाद भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रेड्डी ने शिकायत में सरमा पर राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए पूर्व नियोजित तरीके से आपत्तिजनक भाषण देने का आरोप लगाया और असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।

सीएम योगी की राह पर चले असम CM सरमा, राज्य में कई स्थानों के बदलेंगे नाम

 सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने को लेकर की थी आलोचना 
सीएम सरमा ने उत्तराखंड में चुनावी रैली में सितंबर 2016 में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के शिविरों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने और कोविड रोधी टीके की प्रभावकारिता पर सवाल करने पर राहुल गांधी की आलोचना की थी।असम के मुख्यमंत्री ने कहा था कि क्या भाजपा ने कभी इस बात का सबूत मांगा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। 

Desk Team