पठानकोट में PM मोदी का AAP पर तीखा वार, बताया कांग्रेस का ‘पार्टनर इन क्राइम’

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार संत के आदर्शों का अनुसरण करती है और उनकी सरकार के लिए गरीबों का कल्याण हर चीज़ से ऊपर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के पठानकोट में चुनावी रैली के दौरान जहां संत रविदास का जिक्र कर दलितों को साधने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार संत के आदर्शों का अनुसरण करती है और उनकी सरकार के लिए गरीबों का कल्याण हर चीज़ से ऊपर है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) को कांग्रेस का ‘पार्टनर इन क्राइम’ बता दिया।
PM ने सुनाया संत रविदास का दोहा
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास, के मंत्र को लेकर चल रही बीजेपी सरकार भी संत रविदास जी के शब्दों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ती है। इसलिए हमारे लिए गरीब का कल्याण सर्वोपरि है। आज संत रविदास जी की भी जयंती है। यहां आने से पहले मैं दिल्ली में गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर जाकर आया हूं। आशीर्वाद लेकर आया हूं।
उन्होंने संत रविदास का एक दोहा सुनाते हुए कहा, ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न’ मतलब मैं एक ऐसा राजा चाहता हूं जिसके राज में सभी को अन्न मिले, हर कोई एक समान होकर रहे, जब ऐसा होगा तो स्वाभाविक रूप से रविदास जी प्रसन्न होंगे ही।
प्रधानमंत्री ने कहा, पंजाब की शांति और एकता के लिए हमने अपनी पार्टी का नुकसान करके पंजाब का भला करने को प्राथमिकता दी थी। मुझे पांच साल आपकी सेवा करने का मौका दीजिए। मुझे और बीजेपी को जिस तरह से हिन्दुस्तान के अनेक राज्यों में सेवा करने का अवसर मिला मुझे पंजाब की वैसे सेवा करने का अवसर नहीं मिला। पहले हम यहां एक छोटे दल के रूप में सरकार के साथ हाशिये पर चला करते थे। 
उन्होंने कहा, जहां एक बार BJP के पैर जम जाते हैं, वहां दिल्ली में बैठकर रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाने वाले परिवार की छुट्टी हो जाती है। मतलब जहां विकास आया, वहां वंशवाद का हुआ सफाया! जहां शांति और सुरक्षा आई, वहां तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की विदाई! यही विदाई इस बार पंजाब में देनी है।
पुलवामा हमले की बरसी पर पाप लीला बंद नहीं कर पाए कांग्रेसी
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा की इन्होंने शहीदों की शहादत पर कीचड़ उछाला या नहीं उछाला? पुलवामा हमले की बरसी पर भी ये कांग्रेस के लोग अपनी पाप लीला को बंद नहीं कर पाए। वो हमारी सेना की बहादुरी का फिर से सबूत मांगने लग गए हैं।
उन्होंने कहा, कांग्रेस ने पंजाब और देश की शान के खिलाफ क्या-क्या कुकृत्य नहीं किए! इसी पठानकोट पर जब पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला किया था, तब देश उस संवेदनशील मौके पर एकजुट था! लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेता क्या कर रहे थे? इन्होंने सेना के शौर्य पर सवाल उठाए या नहीं उठाए? इन्हें फिर से मौका मिल गया तो ये पंजाब की सुरक्षा को खतरे में डालने से पीछे नहीं हटेंगे। पहले कांग्रेस में कैप्टन साहब जैसे नेता थे वो उन्हें इस गलत रास्ते पर जाने से रोकते थे, अब तो वो भी वहां नहीं हैं। 
AAP पर पीएम का तीखा वार
दिल्ली की आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, कांग्रेस की करतूतों का साथ देने के लिए अब उन्हें पार्टनर इन क्राइम भी मिल गया है। एक ने पंजाब के युवाओं को नशे के जाल में धकेला और दूसरी पार्टी दिल्ली के युवाओं को शराब की लती बनाने में लगी हुई है, एक ने पंजाब को लूटा और दूसरी दिल्ली में एक के बाद एक घोटाले कर रही है।

Desk Team