आंध्र प्रदेश बीते 24 घंटे में कोरोना के 9,544 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा तीन लाख 34 हजार के पार पहुंच गया है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने कोविड-19 अस्पतालों की संख्या 138 से बढ़ाकर 287 करने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को नवीनतम स्थिति की समीक्षा करने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वायरस से संक्रमित रोगियों का उचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्वास्थ्यसेवा कर्मियों की भर्ती करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य में 91 और लोगों की मौत हो गई जिसके बाद कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 3,092 हो गई।
राज्य में संक्रमण से होने वाली मृत्यु दर 0.92 प्रतिशत है जबकि संक्रमण से ठीक होने की दर 72 प्रतिशत है। बुलेटिन के अनुसार इस दौरान 8,827 मरीज ठीक हुए। अब तक राज्य में कोविड-19 के कुल 2.44 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। आंध्र प्रदेश में अभी 87,803 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



