कोरोना महामारी के कारण विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की वतन वापसी के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार ने भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु’ और ‘वंदे भारत’ की शुरुआत की है। इसी चरण में ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु’ के तहत रविवार को 698 भारतीय नागरिकों की वतन वापसी हुई।
भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस जलाश्वा आज मालदीव से 19 गर्भवती महिलाओं समेत 698 भारतीय नागरिकों को लेकर कोच्चि पोर्ट ट्रस्ट पहुंचा। कोच्चि पहुंचे 698 लोगों में से 400 लोग केरल के हैं। ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु’ के पहले चरण में 08 मई 2020 से भारतीय नागरिकों का निकासी अभियान शुरू हो चुका है।

ऑपरेशन के लिए नौसेना के जहाजों में उपयुक्त प्रावधान किए गए हैं। जिन नागरिकों को वहां से लाया जा रहा है, उन्हें समुद्र-यात्रा के दौरान बुनियादी सुविधाएं और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। वहीं मिशन वंदे ऑपरेशन का आज चौथा दिन है।
कुल 1373 भारतीय यात्री मस्कट, दुबई, कुवैत, शारजाह, कुआला लंपूर और ढाका से कल भारत लौटे हैं और स्पेशल फ्लाइट्स और जहाज़ से वतन वापसी का सिलसिला अब भी जारी है। देश में कोविड-19 के संक्रमण के मामलों की संख्या शनिवार को 63,000 के आंकड़े को पार कर गई, जबकि महामारी के कारण मरने वालों की संख्या भी 2100 से ज्यादा हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



