देहरादून : उत्तराखंड में भाजपा ने काशीपुर में दरोगा से मारपीट प्रकरण में जांच बैठा दी है। इस प्रकरण में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय समेत 20 लोग नामजद हैं। मंत्री पर आरोप है कि उनके नेतृत्व में कुंडेश्वरी पुलिस थाने में पहुंची भीड़ ने चौकी प्रभारी के साथ अभद्रता और धक्कामुक्की की। लोकसभा चुनाव के दौरान सामने आई इस घटना से पार्टी असहज है।
पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष केदारनाथ जोशी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया है। प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नरेश बंसल से पत्रकारों ने सरकार के मंत्री की मौजूदगी में खनन कारोबारियों द्वारा पुलिस चौकी में हंगामा किए जाने के संबंध में प्रश्न पूछा था, लेकिन उन्होंने इस संबंध में स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
लेकिन शाम को उन्होंने शीर्ष नेताओं से मंत्रणा करने के बाद जांच समिति का गठन कर दिया। जांच समिति में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय रोहिला व अनुशासन समिति के सचिव प्रकाश हरबोला को सदस्य बनाया गया है। बंसल के मुताबिक, चुनाव चल रहे हैं, इसलिए समिति से तत्काल रिपोर्ट नहीं मांगी गई है। लेकिन पांच से 10 दिन में समिति अपनी रिपोर्ट उन्हें सौंप देगी।
ये है प्रकरण : काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध खनन के आरोप में मंगलवार को पुलिस ने चार डंपर सीज कर दिए थे। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के विरोध में खनन कारोबार से जुड़े कई लोगों ने चौकी में पहुंचकर हंगामा काटा था।


Download Android App
Download iOS App



