काली विवाद : TMC सांसद महुआ मोइत्रा के समर्थन में आए थरूर, कहा-वही बोला जो हर हिंदू…

Summary :

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने मां काली पर ऐसा बयान दिया, जिसको लेकर हर तरफ विवाद हो रहा है। इस बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर टीएमसी सांसद का समर्थन करते हुए नजर आए।

फिल्म ‘काली’ के पोस्टर को लेकर चल रहे विवाद के बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने बयान दिया, जिसको लेकर हर तरफ विवाद हो रहा है। इस बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर टीएमसी सांसद का समर्थन करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि महुआ मोइत्रा ने वही कहा है जो हर हिंदू जानता है।
शशि थरूर ने ट्वीट कर लिखा, महुआ पर हो रहे हमलों ने मुझे अचंभे में डाल दिया है। ये हमले वह चीज कहने के लिए हो रहे हैं जो कि हर हिंदू जानता है। हिंदू जानते हैं कि हमारी पूजा का तरीका देश के अलग-अलग हिस्सों में एक जैसा नहीं है। देवी को कोई क्या चढ़ाता है, यह देवी से ज्यादा भक्त के बारे में बताता है।


उन्होंने आगे लिखा, हम ऐसी स्थिति पर पहुंच चुके हैं कि अगर हम सार्वजनिक मंच पर किसी बारे में कुछ कहेंगे, तो किसी ना किसी को ठेस जरूर पहुंचेगी। यह पक्की बात है कि महुआ किसी को अपमानित नहीं करना चाहती थीं। शशि थरूर ने आगे कहा कि मैं सबसे गुजारिश करता हूं कि माहौल को थोड़ा हल्का करें, धर्म को कोई किस तरह मानता है, यह उसपर ही छोड़ दें।


दरअसल, तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने मंगलवार को यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि जिस तरह हर व्यक्ति को अपने तरीके से देवी-देवताओं की पूजा करने का अधिकार है, उसी तरह उन्हें देवी काली के मांस भक्षण करने एवं मदिरा स्वीकार करने वाली देवी के रूप में कल्पना करने का पूरा अधिकार है।

TMC सांसद के बयान पर भड़की BJP
बीजेपी ने मोइत्रा पर उनके इस बयान को लेकर कड़ा प्रहार किया और सवाल किया कि क्या यह हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी का आधिकारिक रूख है। वहीं, पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस ने अपनी सांसद की इस टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया है। 

Desk Team