पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी मतगणना के बीच भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को भरोसा जताया कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि डाक मत पत्रों की गिनती से मिल रहे शुरुआती रुझान चुनावी नतीजों की ओर संकेत नहीं करते हैं।
भाजपा के पश्चिम बंगाल के प्रभारी विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘शाम होने तक हम जादुई आंकड़ें को पार कर जाएंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।’’ उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में तीन सीट जीतने वाली भाजपा अच्छी प्रगति कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार राउंड काफी ज़्यादा है इसलिए अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा, शाम तक ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहां(नंदीग्राम) भाजपा जीतेगी और ममता जी हारेंगी।
सुबह साढ़े 10 बजे तक 156 सीटों पर उपलब्ध रुझानों में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 101 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली है जबकि भाजपा केवल 53 सीटों पर आगे चल रही है। मतगणना के शुरुआती चरणों में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही थी। उन्होंने कहा, ‘‘डाक मत पत्र के जरिए मतदान करने वालों को तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने आतंकित किया हुआ था…हमारा आकलन है कि डाक मत मत्रों में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहेगा। हालांकि भाजपा अच्छी प्रगति कर रही है।’’


Download Android App
Download iOS App



