कमलनाथ सरकार का दिव्यांग-निराश्रितों के हक पर डाका : गोपाल भार्गव

Summary :

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कमलनाथ सरकार पर सोमवार को बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि निराश्रित, दिव्यांग के हक पर सरकार ने डाका डाला है।

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कमलनाथ सरकार पर सोमवार को बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि निराश्रित, दिव्यांग के हक पर सरकार ने डाका डाला है। उन्होंने कहा कि इस वर्ग के हिस्से की 750 करोड़ रुपये की राशि सरकार ने अन्य कार्यो पर खर्च कर दी है। 
भार्गव ने कहा, “समाज के ऐसे तबके के लोग जो दिव्यांग हैं, निराश्रित हैं और सरकार की निराश्रित निधि पर जीवन यापन कर रहे हैं, उन गरीबों के हक के 750 करोड़ रुपये का उपयोग कमलनाथ सरकार अपनी असफलताओं पर पर्दा डालने के लिए कर रही है, जो बेहद निंदनीय है। प्रदेश सरकार का यह कृत्य निराश्रित, असहाय और निशक्तजनों के हक पर डाका है। साथ ही यह गरीब विरोधी कदम है।” 
उन्होंने आरोप लगाया, “कमलनाथ सरकार द्वारा निराश्रित और निशक्त जनों के लिए आश्रम और रैन बसेरे, डे केयर सेंटर खोलने पर खर्च की जाने वाली निराश्रितों के हक के 750 करोड़ रुपये अन्यत्र खर्च कर दिए हैं, जिससे प्रदेश के वृद्घजन निराश्रित के लालन-पालन के लाले पड़ गए हैं।”

Desk Team