केरल में कोच्चि के पास दलदली जमीन पर रविवार को एक हेलीकॉप्टर की आपात लेंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में प्रवासी भारतीय कारोबारी एम ए यूसुफ अली समेत सात लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर में यूसुफ अली, उनकी पत्नी और उनके लुलु ग्रुप के तीन कर्मी तथा चालक दल के दो सदस्य सवार थे जिन्हें यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हेलीकॉप्टर लुलु ग्रुप का ही है। लेकशोर अस्पताल के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी यात्री सुरक्षित हैं। अभी उनकी जांच की जा रही है।’’ इसी अस्पताल में इन लोगों का इलाज चल रहा है। यह घटना आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे पनांगड इलाके में हुई। स्थानीय लोगों ने कहा कि हेलीकॉप्टर के दलदली जमीन पर उतरने के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।


Download Android App
Download iOS App



