गठबंधन की होगी अहम भूमिका, भाजपा होगी सत्ता से बाहर : टीआरएस सांसद

Summary :

टीआरएस प्रमुख राव की सुपुत्री ने कहा भाजपा और कांग्रेस को बहुत मौके मिले लेकिन उन्होंने अपने वादे नहीं निभाए। ऐसे में वे अब वोट किस मुंह से मांगेंगे।

तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सांसद के कविता ने कहा है कि आगामी आम चुनाव में क्षेत्रीय दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और यह उचित समय है जब संघीय मोर्चा सत्ता में आये क्योंकि भाजपा तथा कांग्रेस को ‘‘बहुत अधिक’’ अवसर मिले लेकिन उन्होंने अपने वादे पूरे नहीं किए।

टीआरएस सांसद शनिवार को प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में मीडिया को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने कई क्षेत्रीय दलों से संपर्क किया है और वक्त आ गया है जब भाजपा और कांग्रेस को उखाड़ फेंका जाए। तेलंगाना के मुख्यमंत्री और टीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव की सुपुत्री कविता ने कहा कि इन दो दलों को बहुत मौके मिले लेकिन उन्होंने अपने वादे नहीं निभाए। ऐसे में वे अब वोट किस मुंह से मांगेंगे।

bjp_congress

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों के गठबंधन के आधारभूत बात होगी कि वह भाजपा और कांग्रेस के साथ नहीं जायेंगे। निजामाबाद सीट से सांसद ने कहा, ”इस गठबंधन को तीसरा मोर्चो नहीं कहा जाना चाहिये । हमें इसे फेडरल फ्रंट कहना चाहिये।” उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक और ग्रामीण इलाकों में बिजली पहुंचाने के सरकार के दावों पर प्रश्न खड़े किये। उन्होंने देश की मौजूदा आरक्षण नीति की भी यह कह कर आलोचना की कि प्रत्येक राज्य में जनसंख्या का आकार भिन्न है ऐसे में एकसमान आरक्षण नीति किस प्रकार बनायी जा सकती है।

Desk Team