गुजरात में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 333 और मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,054 हो गई जबकि 26 और लोगों की मौत के साथ राज्य में मरने वालों की संख्या अब 262 हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि संक्रमण के अधिकतर मामले अहमदाबाद से मिले हैं।
प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) जयंति रवि ने कहा कि जिन लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है उनकी संख्या शनिवार को 160 मरीजों को छुट्टी मिलने के बाद बढ़कर 896 हो गई।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण मरने वाले 26 मरीजों में से नौ किसी और बीमारी से ग्रस्त नहीं थे जबकि 17 मरीज अन्य बीमारियों से भी जूझ रहे थे। राज्य में संक्रमण के कारण यह एक दिन में हुई अब तक की सबसे ज्यादा मौत है। उन्होंने कहा कि इनमें से 20 मरने वाले अहमदाबाद से थे। रवि ने कहा कि अहमदाबाद में 250 नए मामले सामने आए हैं।
वडोदरा और सूरत में 17-17 मामले सामने आए हैं और वह उन 12 जिलों में शामिल हैं जहां शनिवार को नए मामले मिले हैं।गुजरात में कोविड-19 के आंकड़ों की बात करें तो संक्रमित मामले 5,054, नए मामले -333, कुल मौत- 262, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली-896, उपचाररत मामले- 3896, अब तक 74,116 लोगों की हुई जांच।


Download Android App
Download iOS App



