वायनाड के सरकारी स्कूल में सांप के काटने से पांचवी की छात्रा की मौत होने की पृष्ठभूमि में केरल सरकार ने सभी पंचायतों को निर्देश दिया है कि वे स्कूलों की मरम्मत के लंबित कार्यों को पूरा करें। शनिवार को देर रात जारी किए गए इस आदेश में स्थानीय प्रशासन मंत्री ए सी मोईद्दीन ने इस बात का भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य में आर्थिक मदद में कोई कमी नहीं की जाएगी।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पंचायतें मरम्मत कार्यों में अपने निधि का प्रयोग कर सकती हैं और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें इस कार्य के लिए आर्थिक मदद भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मंत्री के अनुसार पंचायतें कदम्बश्री और मनरेगा अधिनियम के तहत काम करने वाले मजदूरों से मरम्मत कार्य में मदद ले सकती हैं।
मंत्री ने जिन स्कूलों में बाथरुम नहीं हैं वहां बाथरुम बनाने के निर्देश दिए हैं। वायनाड के सुल्तान बथेरी जिले के सर्वजन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा में सांप काटने से एक 10 वर्षीय बच्ची शेहला सरीन की मौत के बाद लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केरल सरकार ने स्कूलों की मरम्मत का यह आदेश दिया है। इस मामले में बच्ची को अस्पताल ले जाने में कथित तौर पर लापरवाही की सूचना मिली थी। गौरतलब है कि 20 नवंबर को 10 वर्षीय बच्ची की कक्षा में सांप के काटने से मौत हो गई थी।


Download Android App
Download iOS App



