मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बच्चों के टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ किया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने यहां स्थिति शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 15 से 18 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ किया।
माता-पिता 20 तारीख तक अपने बेटा-बेटियों को वैक्सीन लगवा दे
श्री चौहान ने कहा कि सभी बेटा-बेटियां वैक्सीन जरूर लगवा लें। ओमिक्रॉन के केस आ रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य इसी माह में 20 तारीख तक अपने बेटा-बेटियों को वैक्सीन लगाकर उन्हें सुरक्षा कवच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि हमें संयम से होश ना खोते हुए, कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन करना है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि आर्थिक गतिविधियां ना रुकें, बच्चों की पढ़ई भी ना रुके, बाजार खुले रहें और हम कोरोना की लहर को हरा दें।
आज पूरे मध्यप्रदेश में 221 पॉजिटिव केस आए
श्री चौहान ने कहा कि देशभर में अब तक 140 करोड़ से ज्यादा डोज लगाए जा चुके हैं। आज से 15 से 18 साल के बेटा-बेटियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। श्री चौहान ने कहा कि आज पूरे मध्यप्रदेश में 221 पॉजिटिव केस आए। कोविड की तीसरी लहर आनी है लेकिन हमें बहादुरी और समझदारी से इसका मुकाबला करना है। डरना नहीं लड़ना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में आज से देश के साथ ही मध्यप्रदेश में 15 से 18 वर्ष के बच्चों का कोविड टीकाकरण प्रारंभ हो गया है। सभी पात्र बच्चों के अभिभावकों से मेरा आग्रह है कि उनका कोविड टीकाकरण कराकर उन्हें कोविड से सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करें।


Download Android App
Download iOS App



