मध्य प्रदेश के रीवा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अपनी मेहनत की मजदूरी मांगने पर एक मजदूर का हाथ काट दिया गया। इतना ही नहीं घटना के बाद कटा हुआ हाथ छुपाकर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सिरमौर थाना क्षेत्र के डोलमउ गांव में गणेश मिश्रा के यहां अशोक साकेत मजदूरी करता था। मजदूरी को लेकर गणेश और अशोक में विवाद था। शनिवार को अशोक ने अपने अन्य साथी के साथ मामले केा सुलझाने की कोशिश की। साथ ही देानों ने जब मजदूरी के पैसे मांगे तो गणेश ने अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर उसके हाथ पर कथित तौर पर तलवार से प्रहार किया, जिससे उसका हाथ कट गया।

इतना ही नहीं कटा हुआ हाथ भी छिपा दिया था,जिसे बाद में पुलिस ने खोज निकाला और पीड़ित को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। बताया गया है कि पीड़ित का हाथ कटने से बहुत ज्यादा रक्त बह गया है और उसकी हालत गंभीर है, मगर चिकित्सकों ने उसके हाथ को सर्जरी कर जोड़ दिया हैं।
रीवा के पुलिस अधीक्षक तवनीत भसीन ने रविवार को बताया कि , यह घटना शनिवार की है और पुलिस ने तीन से चार घंटे के भीतर ही इस वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ हमले में प्रयुक्त तलवार को भी बरामद कर लिया है। भसीन ने बताया है कि इस मामले के प्रमुख आरोपी और उसके चचेरे भाईयों केा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



