शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष शिवसेना से ईर्ष्या करता है क्योंकि जो पहले सत्ता में थे वह अब बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वे अब सत्ता से बाहर हो गए हैं, जिसकी वजह से दुखी हैं और मैं उन्हें कभी ‘बरनॉल’ लगाने की सलाह नहीं दूंगा। ठाकरे ने कहा कि, ‘हम उनका दर्द समझते हैं, लेकिन हम अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं क्योंकि लोगों ने हम पर भरोसा किया है।
उद्धव सरकार ने अपने वादों को पूरा करना भी शुरू कर दिया है जैसे कृषि ऋण की माफी, 10 रुपए में खाना या फिर लोगों को घर मुहैया कराना। आदित्य ने कहा, ‘महा विकास अघाड़ी राज्य के कल्याण के लिए काम करती रहेगी और हम इस तरह के ट्रोल्स को नजरंदाज करेंगे। उन्हें हमें ट्रोल करने दीजिए क्योंकि वे सत्ता में नहीं हैं। वे ट्रोलिंग में ही व्यस्त रहें। वे हमें उन जगहों से ट्रोल कर रहे हैं जहां उन्होंने इंटरनेट नहीं बंद किया है।
यह अच्छा है कि वे अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल ऐसा करने में कर रहे हैं। दरअसल, वे सत्ता से बाहर हैं तो हमसे ईर्ष्या करते हैं।’ बता दें कि महाराष्ट्र की सियासत में दो दोस्तों के बीच हुए अलगाव के बाद इन दोनों के बीच तानों और उलाहनों का दौर चल रहा है। इससे पहले ही दोनों पार्टियां एक दूसरे पर हमले कर चुकी है। आदित्य ठाकरे का बयान इसी सिलसिले की नई कड़ी है।


Download Android App
Download iOS App



