महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का सोमवार को विस्तार किया गया और राकांपा नेता अजित पवार ने उद्धव ठाकरे नीत सरकार में उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पिछले डेढ़ महीने में दूसरी बार पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इससे पहले उन्होंने राकांपा से बगावत करते हुए भाजपा से हाथ मिला लिया था और 23 नवंबर को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली थी। हालांकि 26 नवंबर को उन्हें इस्तीफा देना पड़ा क्योंकि देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई वाली सरकार तीन दिन में ही गिर गई।
पवार के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने भी सोमवार को कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है। आदित्य ठाकरे पहली बार वर्ली से चुनाव जीतकर आए हैं। ठाकरे परिवार में चुनाव लड़ने वाले आदित्य पहले सदस्य हैं। आदित्य ने शपथ लेते वक्त अपना नाम आदित्य रश्मि उद्धव ठाकरे लिया।

राकांपा नेता और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वाल्से पाटिल, विधान परिषद में विपक्ष के पूर्व वेता धनंजय मुंडे और विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता विजय वडेट्टीवार ने भी शपथ ली। राज्यपाल बी एस कोश्यारी ने नए मंत्रियों को विधान भवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और रांकापा नेता शरद पवार मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



