महाराष्ट्र पुलिस ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर शिवसेना (उद्धव गुट के) नेता चंद्रकांत खैरे के खिलाफ औरंगाबाद में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की।
एक अधिकारी ने बताया कि पार्टी के शिंदे गुट के जिला इकाई अध्यक्ष राजेंद्र जांजल की शिकायत के आधार पर औरंगाबाद के सतारा थाने में यह मामला दर्ज किया गया।
औरंगाबाद से पूर्व लोकसभा सदस्य खैरे उद्धव ठाकरे के समर्थक हैं।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए खैरे ने मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। एक क्षेत्रीय खबरिया चैनल से साक्षात्कार में खैरे ने कथित रूप से कहा था कि यदि शिंदे के गुरू और शिवसेना नेता आनंद दीघे जीवित होते तो इस गद्दारी के लिए उलटा लटकाकर उनकी पिटाई करते।
शिंदे की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महा विकास आघाड़ी सरकार इस साल जून में गिर गयी थी।
अधिकारी ने बताया कि जांजल ने अपनी शिकायत में कहा है कि खैरे पहले भी कई बार मुख्यमंत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



