महाराष्ट्र : एकनाथ शिंदे ने की भाजपा सांसद बापट से मुलाकात, आगामी उपचुनाव में जीत दर्ज करने का दिया आश्वासन

Summary :

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गिरीश बापट से मुलाकात की, बता दें कि, बापट पुणे में भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गिरीश बापट से मुलाकात की, बता दें कि, बापट पुणे में भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं। जानकारी के अनुसार, बापट कुछ समय से अस्वस्थ्य चल रहे हैं। शिंदे का कहना है कि, मुलाकात के दौरान बापट ने राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में दो विधानसभा सीटों पर आगामी उपचुनाव में जीत दर्ज करने का आश्वासन दिया है। शिंदे शनिवार को यहां पिंपरी-चिंचवाड़ शहर में थे। वह पुणे से लोकसभा सदस्य बापट से मिलने गए और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
गिरीश बापट हमारे पुराने मित्र हैं : शिंदे 
बैठक के बाद शिंदे ने कहा, ‘‘गिरीश बापट हमारे पुराने मित्र हैं। मैं उनके यहां सिर्फ उनका हालचाल लेने गया था। मुझे विश्वास है कि वह अगले कुछ दिनों में पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे। उन्होंने मुझे यह भी भरोसा दिया कि हम दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव में जीत दर्ज करेंगे।’’ पुणे की चिंचवाड़ और कस्बा पेठ विधानसभा सीट पर 26 फरवरी को उपचुनाव होना है। इन दोनों सीट पर उपचुनाव इन सीट से भाजपा के विधायकों लक्ष्मण जगताप और मुक्ता तिलक के निधन के कारण कराना पड़ रहा है।
इस महीने के अंत में उपचुनाव होंगे 
भाजपा ने पुणे की दोनों विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जहां इस महीने के अंत में उपचुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री शिंदे की दोनों सीटों पर निर्विरोध चुनाव की अपील के बावजूद विपक्षी कांग्रेस ने कस्बा पेठ से और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने चिंचवाड़ से अपना उम्मीदवार खड़ा किया है।

Desk Team