महाराष्ट्र सरकार ने चक्रवात प्रभावित तटीय जिलों के लोगों के लिए 252 करोड़ रुपये का राहत पैकेज मंजूर किया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की साप्ताहिक बैठक में यह निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि 252 करोड़ रूपये की राहत राशि राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (एनडीआरएफ) के तहत केंद्र सरकार द्वारा नियमों के अंतर्गत बनने वाली रकम से अधिक ही है। एनडीआरएफ नियमों के तहत करीब 72 करोड़ बनेगा।
अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त व्यय राज्य वहन करेगा। सरकार ने कहा है कि जिस किसी व्यक्ति की मौत हो गयी है, उसके परिवार को एनडीआरएफ नियमों के तहत चार लाख रूपये और राज्य के कोष से एक लाख रूपये दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार जिन लोगों का मकान पूरी तरह नष्ट हो गया है उन्हें 1,50,000-1, 50,000 रूपये दिये जाएंगे।
जिनके मकान को 50 फीसद नुकसान पहुंचा है, उन्हें पचास-पचास हजार रूपये और जिनके मकान को 25 फीसद नुकसान पहुंचा है, उन्हें 25-25 हजार रूपये मिलेंगे। पंद्रह फीसद नुकसान वाले मकान और क्षतिग्रस्त झुग्गियों के लिए 15-15 हजार रूपये दिये जाएंगे। चक्रवाती तूफान ताउते गुजरात पहुंचने से पहले महाराष्ट्र पहुंचा था और उसने बड़ा नुकसान पहुंचाया था।


Download Android App
Download iOS App



