भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमण सिंह ने कहा कि यदि केंद्र में दुबारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी तो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के घोटालों का भंडाफोड़ होगा और दोनों जेल जाएंगे।
रमण सिंह ने यहां हरमू मैदान में रांची, हजारीबाग और खूंटी लोकसभा क्षेत्र की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि यह सभी जानते हैं कि पश्चिम बंगाल में सुश्री बनर्जी भाजपा कार्यकर्ताओं को कैसे प्रताड़ति कर रही हैं और कैसे उनकी हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुश्री बनर्जी के निर्देश पर ही कोलकाता पुलिस ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों पर कार्रवाई की।
भाजपा नेता ने कहा कि सुश्री बनर्जी और श्री नायडू श्री मोदी को चुनौती देने का प्रयास कर रहे है क्योंकि उन्हें इस बात का डर है कि यदि श्री मोदी की दुबारा सरकार बनी तो उनके घोटालों का पर्दाफाश हो जाएगा और उन्हें जेल जाना पड़गा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव भ्रष्ट ताकतों के खिलाफ ‘धर्मयुद्ध’ है।
UP में प्रियंका 41 और सिंधिया 39 लोकसभा सीटों की संभालेंगे जिम्मेदारी
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के मजबूत होने से कांग्रेस, वामदल, समाजवादी पार्टी (सपा) और बसपा समेत वैसी सभी पार्टियों में घबराहट है, जो भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है और जिसने देश को लूटा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को महागठबंधन ‘ठगबंधन’ के अलावा और कुछ नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा भाजपा के सभी नेता एवं कार्यकर्ता चाहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए होने वाला लोकसभा चुनाव एक अवसर की तरह है कि घर-घर जाकर आप लोगों को बताएं कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न की है।
श्री सिंह ने कहा कि उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करायें। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही जनकल्याण के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उठाये गये ऐतिहासिक कदम के बारे में बताने की जरूरत है।
भाजपा नेता ने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यों की सराहना करते हुये कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत पहला रसोई गैस सिलेंडर और चूल्हा मुफ्त उपलब्ध कराने के साथ फसल बीमा की पहली प्रीमियम का भुगतान करने वाला झारखंड पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि श्री दास की सरकार ने राज्य में सड़कों का जाल बिछाने, सभी घरों तक बिजली की उपल्बधता सुनिश्चित करने और किसानों की आय दुगुनी करने की दिशा में निरंतर गंभीर प्रयास कर रही है।
श्री सिंह ने कहा कि माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाये बिना विकास की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। राज्य के विकास एवं शांति व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में श्री दास के नेतृत्व में काफी काम किये गये हैं। उन्होंने कहा कि वह लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के दौराल झारखंड लगातार आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ जुड़वा भाई की तरह हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, शहरी विकास मंत्री सी. पी. सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, भाजपा विधायक नवीन जायसवाल, मनीष जायसवाल, जीतू चरण राम, रामकुमार पाहन एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।