पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने बुधवार को संकेत दिया कि वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन (M. K. Stalin) से आज शाम होने वाली अपनी ‘‘शिष्टाचार भेंट’’ में राजनीतिक मुद्दों तथा अन्य क्षेत्रीय पार्टियों के साथ सहयोग पर चर्चा कर सकती हैं।
DMK प्रमुख से होने वाली अपनी मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताते हुए, उन्होंने कहा, जब दो राजनीतिक नेता मिलते हैं, तो हमेशा राजनीति पर कुछ चर्चा होती है।चेन्नई के लिए रवाना होने से पहले वह कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात कर रही थीं। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा, मुझे सभी क्षेत्रीय पार्टियों पर भरोसा है…वे 2024 के चुनाव में अहम भूमिका निभाने जा रहे हैं।
कई वरिष्ठ नेताओं से मिल सकती हैं मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी चेन्नई की यात्रा पर हैं क्योंकि उन्हें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ला गणेशन (La. Ganesan) ने 3 नवंबर को अपने बड़े भाई के जन्मदिन पर आमंत्रित किया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री तमिलनाडु के कई वरिष्ठ नेताओं से मिल सकती हैं, जिनके गणेशन के पारिवारिक समारोह में उपस्थित रहने की उम्मीद है। बता दें कि TMC प्रमुख ने अतीत में कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर उनके बीच एकता बनाने का प्रयास किया है।


Download Android App
Download iOS App



