मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अभी दो वर्ष का समय है लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अभी से कमर कस ली है। इस मामले में भाजपा जहां बूथ विस्तारक अभियान चला रही है तो वहीं कांग्रेस भी लोगों को अपने से जोड़ने के लिए एक फरवरी से घर-घर चलो अभियान शुरू करने वाली है। राज्य में 15 माह सत्ता में रहने के बाद कुर्सी गंवा चुकी कांग्रेस की सत्ता जाने की कसक है। यही कारण है कि पार्टी ने आगामी चुनाव के मददेनजर अभी से तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए एक फरवरी से 28 फरवरी तक घर-घर चलो अभियान चलाया जाने वाला है।
ब्लाक स्तर तक होगा जनता से सीधा संवाद
बताया गया है कि 1 फरवरी 2022 से शुरू होने वाले घर चलो, घर-घर चलो अभियान में ब्लाक स्तर तक जनता से सीधा संवाद व संपर्क होगा, साथ ही यह भी कोशिश होगी कि एक दिन में कम से कम पांच बूथों तक पहुंचा जाए। इस आयोजन के लिए प्रदेश के सभी जिलों में जिला समन्वय समिति का गठन भी होगा, जिसमें विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक के अलावा पार्टी के पदाधिकारी होंगे। यह सभी लोग लगातार इस अभियान के तहत घर-घर पर दस्तक देंगे और वर्तमान की सरकार की खामियों के साथ कांग्रेस के शासनकाल की खूबियां बताएंगे।
आज की राजनीति में आ चुका है परिवर्तन : कमलनाथ
कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मानते हैं कि आज की राजनीति में बुनियादी परिवर्तन आ चुका है। आज की राजनीति स्थानीय हो चुकी है तथा भीड़ भरी रैली, सभाओं का दौर अब जा चुका है। अब जनता से सीधे संपर्क व संवाद रखने वाला नेता ही आगे भविष्य में टिक पाएगा, हमें इस सच्चाई को समझना होगा। बगैर मजबूत संगठन के चुनाव नहीं जीत सकते हैं। मण्डल, सेक्टर और बूथ इकाईयों को मजबूत बनाना होगा।


Download Android App
Download iOS App



