MP : सोने चांदी के सिक्कों की तलाश में 5 पांच दिन से पार्वती नदी की खुदाई में जुटे लोग

Summary :

राजगढ़ जिले में कुरावर से कुछ ही दूरी पर स्थित शिवपुरा और गणूपुरा के लोग लगभग एक हफ्ते से पार्वती नदी की खुदाई में लगे हुए हैं।

पुराने समय में जमीन के नीचे पुराने खजाना छुपे होने की कहानियां सभी ने खूब सुनी होंगी, लेकिन आज के समय में यह बात कही जाए तो थोड़ी अटपटी जरूर लग सकती है, पर अजब एमपी में ये गजब कहानी सच होती नजर आ रही है। जी हां, मध्य प्रदेश के राजगढ़ की पार्वती नदी में लोग लगभग एक हफ्ते से सोने और चांदी के सिक्कों की तलाश में खुदाई कर रहे हैं।
दरअसल, राजगढ़ जिले में कुरावर से कुछ ही दूरी पर स्थित शिवपुरा और गणूपुरा के लोग लगभग एक हफ्ते से पार्वती नदी की खुदाई में लगे हुए हैं। इन लोगों को विश्वास है कि इस नदी की खुदाई करने पर उन्हें सोने के सिक्के मिलेंगे। हालांकि, पिछले पांच दिनों से अभी तक किसी के हाथ कुछ नहीं आया।  
एक स्थानीय नागरिक के मुताबिक, 8 दिन पहले कुछ मछुआरों को यहां पर सिक्के मिले थे। ये बात आप-पास के इलाके में आग की तरह फैल गई और लोग यहां आने लगे। अब काफी लोग यहां खुदाई कर रहे हैं और सोने-चांदी के सिक्के ढूंढ रहे हैं। इन लोगों में औरत, आदमी, बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

Desk Team