भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा शनिवार से हिमाचल प्रदेश के चार-दिवसीय दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह कई संगठनात्मक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने शुक्रवार को कहा कि पांच राज्यों में हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद नड्डा का यह पहला राज्य दौरा होगा। भाजपा ने इन विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में जीत दर्ज की थी।
शनिवार को रोड़ शो कर जनसभा को सबोधित करेंगे नड्डा
नड्डा इस दौरान 25 से अधिक स्थानों का दौरा करेंगे और जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उनके गृह राज्य में उन्हें सम्मानित करने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बलूनी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी अध्यक्ष द्वारा जनता से जुड़ने का यह एक अभिनव प्रयास है।’’ उन्होंने कहा कि नड्डा शनिवार को शिमला में एक रोड शो करेंगे और वहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वह चार दिवसीय यात्रा के दौरान 25 से अधिक सार्वजनिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
हिमाचल में भी सत्ता रिपीट करने के मिशन में बीजेपी
हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा सत्ता में है। कांग्रेस इसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी है और आम आदमी पार्टी भी अपनी उपस्थिति बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इससे इतर देखा जाए तो भाजपा उत्तर प्रदेश , उत्तराखंड की तरह हिमाचल में भी अपनी सत्ता को रिपीट करने की पूरी कोशिश करेंगी ।


Download Android App
Download iOS App



