भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर “दोहरे मापदंड” अपनाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सुबह अभिवादन करती हैं और शाम को उन पर हमला करती हैं।पात्रा साल्ट लेक में राज्य भाजपा के नए कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस द्वारा गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ समर्थन व्यक्त करने के बारे में पूछे जाने पर पात्रा ने कहा, “वह सुबह राहुल जी को गुलदस्ता भेजती हैं और उन्हें शुभकामनाएं देती हैं। वहीं, शाम को वह राहुल गांधी के खिलाफ बोलती हैं।”

बनर्जी ने 26 मार्च को लोकसभा की सदस्यता से गांधी की अयोग्यता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “प्रधानमंत्री मोदी के ‘न्यू इंडिया’ में विपक्षी नेता भाजपा का मुख्य निशाना बन गए हैं।”उन्होंने एक ट्वीट में कहा था, “आपराधिक पृष्ठभूमि वाले भाजपा नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है, वहीं विपक्षी नेताओं को उनके भाषणों के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाता है। हमने अपने संवैधानिक लोकतंत्र के लिए एक नया निम्न स्तर देखा है।”


Download Android App
Download iOS App



