छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ जिले में नक्सलियों ने आज सुबह एक ठेकेदार की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के फरसपाल रोड स्थित पडेवार गांव के बाहर नक्सलियों ने इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया। बताया जा रहा है भांसी थाना क्षेत्र के कमालूर में एक निजी कम्पनी के सर्वे का काम देखने वाले ठेकेदार गणेश नायडू को नक्सलियों ने फोन करके बात करने बुलवाया, इसके बाद जन अदालत लगाकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।
कंपनी की जिस बोलेरो में वो नक्सलियों से मिलने गया था उसे भी नक्सलियों ने जला दिया है। लौह अयस्क खदान की लीज स्वीकृति से पहले ड्रिलिंग के जरिये पूर्वेक्षण का काम निजी कम्पनी कर रही है। पहले भी मशीनें जलाए जाने और मजदूरों की बेदम पिटाई की घटना इस इलाके में हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने इस घटना की पुष्टि की है।
गणेश नायडू निजी कंपनी के ठेकेदार थे। विगत कई वर्षों से वह दंतेवाड़ सुकमा कोंटा इलाके में काम कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल उनके शव को बरामद करने डीआरजी की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। गणेश नायडू आदिवासी नेता स्वर्गीय महेंद, कर्मा के करीबी माने जाते थे।


Download Android App
Download iOS App



