राकांपा (Nationalist Congress Party) अध्यक्ष शरद पवार ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ एमवीए (Maha Vikas Aghadi) के तीनों घटकों ने फैसला किया है कि राज्य विधानसभा का अगला स्पीकर कांग्रेस से होगा। यह पद कांग्रेस विधायक नाना पटोले द्वारा फरवरी में इस्तीफा देने से खाली हुआ है।
उन्होंने महाराष्ट्र राज्य कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी लेने के लिए स्पीकर पद छोड़ दिया था। पुणे जिले के बारामती सिटी में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पवार ने कहा, ‘‘तीनों पार्टियों (शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस) ने फैसला किया है कि नया स्पीकर कांग्रेस से ही होगा। कांग्रेस जो भी फैसला (प्रत्याशी को लेकर) करेगी, हम उसका समर्थन करेंगे।’’
हाल में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर स्पीकर पद को भरने हेतु कदम उठाने को कहा था। हालांकि, स्पीकर का चुनाव राज्य विधानमंडल के दो दिवसीय मानसून सत्र के दौरान नहीं हुआ। मानसून सत्र के दौरान सदन में कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने पर भाजपा के 12 विधायकों को निलंबित करने के सवाल पर पवार ने कहा, ‘‘जो उन्होंने विधानसभा में किया, उसके आधार पर कार्रवाई की गई।
इसमें तूल देने वाला कुछ भी नहीं है…यह हो चुका है।’’ गौरतलब है कि पांच जुलाई को विधानसभा स्पीकर के चेंबर में पीठासीन अधिकारी से कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के मामले में 12 विधायकों को एक साल के लिए निलंबित किया गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया है कि इस कार्रवाई का मकसद सदन में भगवा पार्टी के सदस्यों की संख्या को कम करना है।


Download Android App
Download iOS App



