ठाणे : भाजपा के साथ सरकार में शामिल होने पर राकांपा नेता अजित पवार के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहाँ नारेबाजी की। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने अजित पवार के चित्र पर जूते भी फेंके । तेजी से बदलते घटनाक्रम में भाजपा के देवेंद्र फडणवीस और राकांपा नेता अजित पवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
जैसे ही पवार के अप्रत्याशित कदम की खबर फैलनी शुरू हुई स्थानीय राकांपा कार्यकर्ता यहाँ नौपाडा क्षेत्र में स्थित पार्टी के जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर अजित के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व ठाणे नगर पालिका में राकांपा के नेता मिलिंद पाटिल ने किया। विरोध प्रदर्शन में महिलाओं ने भी भाग लिया। पाटिल ने कहा, “(अजित) पवार ने महाराष्ट्र की जनता, राकांपा और पार्टी प्रमुख शरद पवार को धोखा दिया।” जिले के कल्याण में भी ऐसा ही विरोध प्रदर्शन हुआ।
इसी बीच महाराष्ट्र में सियासी समीकरणों में हुए उलटफेर के बीच बारामती में शरद पवार के समर्थन में एक विशाल होर्डिंग लगाई गई थी। शरद पवार की तस्वीर के साथ इस होर्डिंग पर संदेश लिखा था, “हम 80 वर्षीय योद्धा के साथ हैं।” यह होर्डिंग बारामती नगर परिषद की इमारत के पास लगाया गया था। लेकिन कुछ घंटों बाद इसे हटा दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह होर्डिंग निगम अधिकारियों द्वारा हटाया गया क्योंकि इसे लगाने के लिये मंजूरी नहीं ली गई थी।
बारामती में कई राकांपा कार्यकर्ता इस कदम से नाराज दिखे और उनमें से अधिकतर ने इसे अजित पवार द्वारा किया गया विश्वासघात करार दिया। वहीं सोलापुर में राकांपा कार्यकर्ताओं ने अजित पवार का पुतला फूंका। कुछ समर्थकों ने हालांकि अजित पवार के भाजपा से हाथ मिलाने और उप-मुख्यमंत्री बनने के कदम का समर्थन किया।


Download Android App
Download iOS App



