भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र फड़णवीस ने केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए तीन नए कृषि कानूनों का बचाव करते हुए शुक्रवार को कहा कि इन ”क्रांतिकारी” कानूनों का उद्देश्य किसानों के जहां चाहे वहां अपनी उपज बेचने की स्वतंत्रता प्रदान करना है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फड़णवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे हैं और भविष्य में भी ऐसा ही करते रहेंगे।
भाजपा नेता ने कहा, ”मंडियों में अपनी उपज बेचने वाले किसानों को परिवहन, श्रमिक, लदान और अन्य कई प्रकार के शुल्क का भुगतान करना पड़ता है। मिसाल के तौर पर, हाल ही में एक किसान ने पुणे की मंडी में 15,000 रुपये की उपज बेची। इन 15,000 में से उसने चार हजार रुपये परिवहन, श्रमिक तथा लदान शुल्क के रूप में दे दिये। यह अन्याय है।”
उन्होंने भुगतान की रसीद दिखाते हुए यह बात कही। महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष फड़णवीस ने कहा, ”ये क्रांतिकारी कृषि कानून किसानों को जहां चाहे वहां अपनी उपजे बेचने की स्वतंत्रता प्रदान करने के लिये लाए गए हैं…प्रधानमंत्री सदैव देश के किसानों के साथ खड़े रहे हैं और भविष्य में भी ऐसा ही करते रहेंगे।”


Download Android App
Download iOS App



