कोरोना से बचाव का नया पैतरा, बाजार में प्रवेश पर 5 रुपए शुल्क, 1 घंटे से ज्यादा रुके तो होगा जुर्माना

Summary :

कोरोना वायरस की वापसी के कारण सावधानी के अलग-अलग पैतरे आजमाने को मजबूर हो चुके देश में रोकथाम का एक नया पैतरा आजकल सुर्खियों में है।

कोरोना वायरस की वापसी के कारण सावधानी के अलग-अलग पैतरे आजमाने को मजबूर हो चुके देश में रोकथाम का एक नया पैतरा आजकल सुर्खियों में है। दरअसल, महाराष्ट्र के नासिक जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए बाजार में प्रवेश पर 5 रुपये का शुल्क लगा दिया है। यह शुल्क 1 घंटे तक मान्य होगा। 1 घंटे से अधिक समय तक बाजार में रहने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बाजार में ज्यादा भीड़ नहीं एकत्र होने देने के मकसद से 5 रुपये का टिकट जारी किया गया है। बिना टिकट के बाजार में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। 
पुलिस आयुक्त दीपक पांडेय ने कहा कि नासिक में संक्रमण रोकने के लिए हम अलग तरह का कदम उठा रहे हैं, शहर को लॉकडाउन से बचाने के लिए बाजार में प्रवेश से पहले टिकट खरीदना जरूरी किया गया है। बाजार को चारों तरफ से सील करके केवल एक जगह से खोला जाएगा ताकि आने-जाने वालों पर नजर रखी जा सके। बाजार के अंदर के लोगों को बाहर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। रेहड़ी-पटरी लगाने वालों और फल-सब्जी विक्रेताओं को पास जारी किया गया है। 
इसके साथ ही महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने लोगों से कहा है कि वे अपनी कोरोना वायरस जांच कराएं। राजेश टोपे ने कहा-लोग देरी से जांच करा रहे हैं, इसलिए उनकी हालत अस्पताल आते-आते काफी खराब हो जाती है, इससे आईसीयू और ऑक्सीजन बेड तेजी से भर रहे हैं। मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि महाराष्ट्र लॉकडाउन को अब बर्दाश्त नहीं कर सकता, इसलिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को दूसरे विकल्पों पर विचार करना चाहिए। औरंगाबाद में लॉकडाउन लगाने का फैसला रद्द कर दिया गया है। यहां लॉकडाउन 31 मार्च रात 12 बजे से लगने वाला था, लेकिन जिला कलेक्टर सुनील चौहान ने फैसला रद्द करने का निर्णय लिया। 

Desk Team