राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भिवंड़ी फर्जी भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) जब्ती मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से एक फरार आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया।
एक अधिकारी ने बताया कि मामले में फरार चल रहे आरोपी साबिर जुल्लुर रहमान अली को मालदा जिले के उसके गृह नगर सफदारपुर से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि वह जाली मुद्रा हासिल करने, तस्करी करने और आपूर्ति करने में सक्रिय था।
एनआईए के एक अधिकारी ने बताया कि साबिर का नाम 2018 में भिवंड़ी से पकड़े गए एक अन्य आरोपी से पूछताछ के दौरान सामने आया था।
एनआईए की मुंबई इकाई ने गुरुवार को साबिर को गिरफ्तार करके मालदा की एक अदालत में उसे पेश कर उसे ट्रांजिट रिमांड में भेजने की मांग की।
आरोपी को मुंबई में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा जहां जांच एजेंसी उसे पूछताछ के लिए हिरासत में भेजे जाने की मांग करेंगी।
एनआईए इस मामले में गिरफ्तार किए जा चुके छह लोगों के खिलाफ आरोप पत्र पहले ही पेश कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



