देश के सबसे अमीर कारोबारियों में से एक मुकेश अंबानी के मुंबई में स्थित आवास एंटीलिया में संदिग्ध वाहन में विस्फोटक मिलने के मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा को हिरासत में लिया है। एनआईए की टीम ने प्रदीप शर्मा के घर पर उनसे पूछताछ की, टीम सुबह 6.30 बजे सीआरपीएफ जवानों के साथ प्रदीप शर्मा के घर पहुंची थी। बता दें कि प्रदीप शर्मा काफी समय से एनआईए की रडार पर थे, लेकिन इस मामले में एनआईए के पास प्रदीप शर्मा के खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं थे।
प्रदीप शर्मा का घर मुंबई के अंधेरी में जेपी नगर इलाके की भगवान भवन बिल्डिंग में है। वह इस बिल्डिंग की छठवीं मंजिल पर रहते हैं, प्रदीप शर्मा शिवसेना के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। जानकारी के मुताबिक एनआईए हाल ही में गिरफ्तार हुए 2 आरोपी संतोष आत्माराम शेलार और आनंद पांडुरंग जाधव की निशानदेही पर प्रदीप शर्मा से पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को एनआईए ने 11 जून को गिरफ्तार किया था। इन दोनों आरोपियों की मनसुख हिरेन हत्या मामले अहम भूमिका रही है।
बता दें कि ये आरोपी महाराष्ट्र में मुंबई के कुरार विलेज मालाड (ईस्ट) के रहने वाले हैं। एंटीलिया विस्फोटक मामले में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से संतोष शेलार पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा का करीबी है। एनआईए अब इस दिशा में भी जांच कर रही है कि क्या प्रदीप शर्मा को इस हत्या के बारे में पहले से जानकारी थी। संतोष शेलार की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं, जिसमें वो प्रदीप शर्मा के साथ दिखाई दे रहा है।


Download Android App
Download iOS App



