दक्षिण मुंबई में इस साल फरवरी में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर ‘एंटीलिया’ के घर के बाहर विस्फोटक रखी एक एसयूवी मिलने के बाद उनकी पत्नी नीता अंबानी एकदम सकते में आ गई थी। जिसके बाद उन्होंने फौरन अपना गुजरात का निर्धारित दौरा रद्द कर दिया था। आवास के सुरक्षा प्रमुख ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को दिए गए अपने बयान में यह जानकारी दी है।
सुरक्षा प्रमुख का यह बयान, 25 फरवरी को अंबानी के घर के पास जिलेटिन की छड़ों के साथ वाहन मिलने और बाद में कारोबारी मनसुख हिरन की हत्या के सिलसिले में बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे और नौ अन्य के खिलाफ एनआईए द्वारा पिछले हफ्ते यहां विशेष अदालत में दायर आरोप-पत्र का हिस्सा है।
आवास के सुरक्षा प्रमुख ने अपने बयान में कहा कि विस्फोटकों वाली गाड़ी और धमकी भरा पत्र मिलने के बाद उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी मुकेश अंबानी को दी। उन्होंने एनआईए को यह भी बताया कि उस दिन नीता अंबानी को गुजरात में जामनगर जाना था। उनका दौरा पहले पुन: निर्धारित किया गया और बाद में उनकी एवं क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) की सलाह पर दौरा रद्द कर दिया गया था।
सुरक्षा प्रमुख ने कहा कि उन्हें विभिन्न वर्गों से धमकियां मिल रही थीं, लेकिन सभी अक्टूबर 2020 में शुरू हुए किसानों के विरोध से संबंधित थी। उन्होंने बयान में कहा कि अंबानी परिवार को 25 फरवरी को यहां कारमाइकल रोड पर अवैध रूप से खड़ी लावारिस स्कॉर्पियो में मिले धमकी भरे पत्र और जिलेटिन की छड़ों के लिए किसी खास व्यक्ति पर संदेह नहीं है।
पूर्व पुलिस अधिकारी वाजे मामले में मुख्य आरोपी हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, उन्होंने ठाणे के व्यवसायी मनसुख हिरन की हत्या में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हिरन, जिन्होंने दावा किया था कि एसयूवी उनके पास से चोरी हो गई थी, पांच मार्च को पड़ोस के ठाणे जिले में एक नाले में मृत मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



