केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कर्नाटक में दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस परियोजनाओं के निर्माण पर 323 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन परियोजनाओं के तहत हुबली शहर में रानी चेन्नम्मा सर्किल पर एलिवेटेड कॉरिडोर और चार लेन की सड़क तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 63 के दस्तिकोप्पा कालाघाटगी टीक्यू पर एक छोटे पुल का निर्माण शामिल है।
गडकरी ने दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए कहा कि इनसे हुबली और धारवाड़ के सामाजिक आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और कर्नाटक का सड़क नेटवर्क मजबूत हो सकेगा। इस मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, सदानंद गौड़ा और वी के सिंह के अलावा कर्नाटक के सांसद और विधायक मौजूद थे।
गडकरी ने कहा कि चेन्नम्मा सर्किल पर एलिवेटेड कॉरिडोर तथा दस्तिकोप्पा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन का किए जाने से रेलवे जंक्शन से हवाईअड्डे की यात्रा का समय घटेगा।


Download Android App
Download iOS App



